दमोह/हटा, सुदीप नगरिया। मध्यप्रदेश सरकार में आनंद विभाग के राज्य मंत्री लखन पटेल ने बटियागढ़ ब्लॉक के ग्राम आंजनी में नवनिर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र आरोग्य भवन का लोकार्पण किया। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत करीब 65 लाख रुपए की लागत से तैयार किए गए इस भवन को अब क्षेत्र की जनता को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए उपलब्ध कराया गया है।


लोकार्पण कार्यक्रम में राज्य मंत्री लखन पटेल ने जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव पटेल, वरिष्ठ नेता नरेंद्र व्यास, कपिल शुक्ला, मंडल अध्यक्ष श्याम गर्ग सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में नन्ना कंस्ट्रक्शन द्वारा निर्मित भवन का फीता काटकर शुभारंभ किया। इसके बाद भगवान धन्वंतरी की पूजा-अर्चना भी की गई।


इस अवसर पर राज्य मंत्री लखन पटेल ने कहा कि आंजनी में उप स्वास्थ्य केंद्र आरोग्य मंदिर का लोकार्पण आज किया गया है और जल्द ही यहां क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य संबंधी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र के लिए शासकीय भूमि उपलब्ध नहीं होने के बावजूद देवलिया जी परिवार ने अस्पताल निर्माण के लिए जमीन दान की, जिसके लिए उन्होंने परिवार का हृदय से आभार व्यक्त किया।


नए उप स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से आंजनी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।