मैहर/अमरपाटन, नरेन्द्र पटेल। मैहर जिले के अमरपाटन में सोमवार को छात्र-छात्राओं और स्थानीय नवयुवकों ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। रामनगर रोड चौराहे पर स्थित संदीपनी विद्यालय के सामने बड़ी संख्या में एकत्रित प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया।
करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने सरकार से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने और उनकी आवाज सुनने की अपील की। प्रदर्शन के दौरान प्रशासनिक अमला भी मौके पर मौजूद रहा और पूरे कार्यक्रम पर नजर बनाए रखी। विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ तथा किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति सामने नहीं आई।
प्रदर्शन के समापन पर छात्र-छात्राओं और नवयुवकों ने अमरपाटन तहसीलदार आर.डी. साकेत को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार से उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ स्थानीय युवा भी शामिल रहे और उन्होंने अपनी मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से प्रशासन के समक्ष रखा।




