छात्रा की गुहार, सांसद का एक्शन, 10 दिन का अंधेरा एक कॉल में खत्म

Advertisement
छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी । राजनीति में जब संवेदनशीलता और जनसेवा का मेल होता है, तो बदलाव आने में देर नहीं लगती। कुछ ऐसा ही उदाहरण चौरई विधानसभा क्षेत्र के ग्राम धनौरा बाहरी बरियारिया में देखने को मिला। पिछले 10 दिनों से अंधेरे की मार झेल रहे इस गांव की किस्मत एक फोन कॉल ने बदल दी। यह फोन किसी रसूखदार का नहीं, बल्कि गांव की एक छात्रा का था, जिसने सीधे सांसद बंटी विवेक साहू से मदद मांगी थी।
परीक्षा की चिंता और छात्रा की हिम्मत गांव में पिछले 10 दिनों से बिजली गुल थी। परीक्षाओं का दौर चल रहा है, ऐसे में रोशनी न होने से बच्चों का भविष्य दांव पर लगा था। ग्रामीणों की परेशानियों के बीच एक छात्रा ने हिम्मत जुटाई और सांसद बंटी विवेक साहू को कॉल कर अपनी पीड़ा सुनाई। छात्रा ने बताया कि बिजली न होने से पढ़ाई पूरी तरह ठप है और पूरा गांव परेशान है।
अधिकारियों को तत्काल निर्देश मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद ने बिना समय गंवाए बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से संपर्क साधा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्रामीणों और खासकर विद्यार्थियों की समस्या का समाधान तत्काल किया जाए। सांसद की इस सक्रियता का असर यह हुआ कि कुछ ही घंटों के भीतर विभाग ने सक्रियता दिखाई और गांव की बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई।
गांव में खुशी का माहौल 10 दिन बाद जैसे ही गांव के बल्ब रोशन हुए, बच्चों और बुजुर्गों के चेहरे खिल उठे। ग्रामीणों ने सांसद की इस त्वरित पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक जनप्रतिनिधि अगर संवेदनशील हो, तो समस्याओं का अंत निश्चित है। क्षेत्र में इस "सिंगल कॉल समाधान" की जमकर चर्चा हो रही है।
