उज्जैन,अशोक दायमा। महर्षि सांदीपनी राष्ट्रीय वेदविद्या संस्थान में एक छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि वार्डन व शिक्षक दत्तदास शेवड़े ने छात्र को डंडे से बेरहमी से पीटा, जिससे वह दर्द से चीखता रहा। घटना का वीडियो शनिवार को वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है।
बताया जा रहा है कि छात्र को दूसरे छात्र के बिस्तर पर सोने के कारण सजा दी जा रही थी। वायरल वीडियो में आरोपी शिक्षक छात्र से सवाल-जवाब करते हुए लगातार उस पर छड़ी बरसाते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो चिंतामन गणेश मंदिर रोड स्थित संस्थान के एक कमरे का बताया जा रहा है, जिसे मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने रिकॉर्ड किया।
घटना सामने आने के बाद भी संस्थान प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। जानकारी के अनुसार यह केंद्र सरकार के अधीन संचालित आवासीय गुरुकुल है, जहां देशभर से छात्र वैदिक शिक्षा के लिए आते हैं और सख्त अनुशासन का पालन कराया जाता है।

