भिंड, अक्षय जोशी । एनजीटी की रोक के बावजूद भिंड जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का मामला सामने आया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अमायन थाना क्षेत्र की बछरेटा रेत खदान पर देर रात दबिश दी। कार्रवाई के दौरान रेत माफिया पुलिस का सायरन सुनते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर मौके से फरार हो गए।


कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को लगातार अवैध खनन एवं परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद भिंड मुख्यालय से विशेष टीम गठित कर मौके पर भेजी गई। टीम में मेहगांव एसडीएम नवनीत शर्मा, एसडीओपी संजय कोच्छा, साइबर सेल प्रभारी सत्यवीर यादव तथा बरोही थाना प्रभारी अतुल भदौरिया शामिल रहे।


संयुक्त टीम ने बछरेटा रेत खदान पर छापामार कार्रवाई करते हुए मौके से रेत से भरे छह ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक लोडर जब्त किया। इसके अलावा अवैध रूप से उत्खनन की गई करीब 345 घनमीटर रेत भी जब्त की गई।


कार्रवाई के बाद खनिज विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू की। जब्त किए गए सभी छह ट्रैक्टर-ट्रॉली और लोडर को अमायन थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया है। प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।