मैड्रिड। स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज स्यूटा संकट को लेकर सरकार की ओर से उठाए गए कदमों का ब्योरा संसद में पेश करेंगे। बुधवार को प्रवक्ताओं की समिति ने इसके लिए तारीख तय की।
मीडिया आउटलेट एल पायस के मुताबिक समिति ने इस बुधवार को तय किया कि प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज अगले गुरुवार, 3 सितंबर को संसद में पेश होकर स्यूटा संकट से निपटने को लेकर किए गए प्रयासों का उल्लेख करेंगे। सांचेज ने खुद 30 जुलाई को स्वायत्त शहर में लगभग 80,000 प्रवासियों के आने के बारे में स्पष्टीकरण देने के लिए पेश होने का अनुरोध किया था।
बुधवार को ही आधिकारिक सरकारी गजट (बीओई) ने स्यूटा में "राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण स्थिति" घोषित करने वाला शाही आदेश भी प्रकाशित किया। इसके तहत 31 दिसंबर तक एक एकीकृत कमान बनाई गई है, जिसके प्रमुख मंत्री एंजेल विक्टर टोरेस हैं। उन्होंने नेशनल इंटेलिजेंस सेंटर (सीएनआई) द्वारा जारी चेतावनियों के संबंध में घटनाओं पर गृह मंत्री फर्नांडो ग्रांडे-मार्लास्का के पक्ष का समर्थन किया है।
वहीं, पीपल्स पार्टी (पीपी) के नेता अल्बर्टो नुनेज फीजो ने 'ऑफिशियल सीक्रेट्स कमेटी' (आधिकारिक गोपनीयता समिति) की बैठक बुलाने की मांग की है, ताकि नेशनल इंटेलिजेंस सेंटर (सीएनआई) घटनाओं के बारे में सरकार के "पक्ष" को स्पष्ट कर सके, क्योंकि रक्षा मंत्री मार्गरीटा रोबल्स और मार्लास्का के बयान विरोधाभासी थे। उन्होंने सरकार पर झूठ बोलने का आरोप भी लगाया है।
बता दें, जुलाई 2026 के अंत में, लगभग 70,000 से 80,000 अप्रवासी तैरकर या समुद्र तट और बाड़ पार करके अवैध रूप से मोरक्को से स्पेनिश क्षेत्र स्यूटा पहुंचे थे। अचानक हुई इस भारी भीड़ के कारण स्यूटा का प्रशासन हैरान हो गया। इस छोटे से क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई, जिससे वहां भारी अराजकता और मानवीय संकट पैदा हो गया। इस दौरान भगदड़ और डूबने से 70 से ज्यादा लोगों की जान भी चली गई थी।




