टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले में कृषि विभाग ने नकली बीज कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुंडेश्वर स्थित बालाजी वेयरहाउस पर छापा मारा। कलेक्टर विवेक श्रोतिय के निर्देश पर उप संचालक कृषि मनोज कश्यप के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में 40 क्विंटल सोयाबीन बीज और 281 खाली बोरियां जब्त की गईं।


जानकारी के अनुसार, बालाजी वेयरहाउस में सोयाबीन बीज को कथित रूप से नकली एवं भ्रामक बोरियों में पैक किया जा रहा था। शिकायत मिलने पर कृषि विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, जहां बड़ी मात्रा में सोयाबीन बीज और खाली बोरियां बरामद हुईं। अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे माल को जब्त कर लिया।


उप संचालक मनोज कश्यप ने बताया कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जब्त सामग्री की जांच की जा रही है तथा संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने स्पष्ट किया है कि किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। जिले में नकली बीज, खाद एवं कीटनाशक के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी रहेगी।