छतरपुर, संदीप यादव। गौरिहार थाना क्षेत्र के ग्राम घटरा में प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक की जिला अस्पताल छतरपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत के बाद पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं परिजनों ने घटना में 7-8 अन्य लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत घटरा निवासी अरविंद कुशवाहा पिता लखनलाल कुशवाहा का गांव की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि इसी बात से नाराज रामदीन कुशवाहा, पूरन कुशवाहा और उनके कुछ साथियों ने अरविंद को रास्ते में रोक लिया। इसके बाद उसे बोलेरो वाहन में जबरन बैठाकर सुनसान स्थान पर ले गए, जहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोपियों पर अरविंद को गंभीर रूप से घायल करने के बाद मरा हुआ समझकर पहाड़ी क्षेत्र में छोड़कर फरार होने का आरोप है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद गौरिहार थाना पुलिस ने युवक की तलाश के लिए टीम गठित की। खोजबीन के दौरान अरविंद गांव के पास पहाड़ी क्षेत्र में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसे तत्काल उपचार के लिए गौरिहार अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान सुबह करीब 8 बजे अरविंद ने दम तोड़ दिया।
मृतक के चाचा सल्ला कुशवाहा ने आरोप लगाया कि रामदीन कुशवाहा ने अपने 7-8 साथियों के साथ अरविंद को रास्ते में रोककर मारपीट की और जबरन अपने साथ ले गया था। बाद में उसे गंभीर रूप से घायल अवस्था में छोड़ दिया गया। परिजनों का यह भी आरोप है कि अरविंद के पास करीब 30 से 40 हजार रुपये थे, जो घटना के बाद उसके पास नहीं मिले। परिजनों के मुताबिक दोनों परिवारों के बीच पहले से कोई रंजिश नहीं थी।
गौरिहार थाना प्रभारी रूपनारायण पटेरिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी। उपचार के दौरान युवक की मौत होने के बाद मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज किया जा रहा है। प्रथम दृष्टया रामदीन कुशवाहा और पूरन कुशवाहा को आरोपी बनाया गया है। परिजनों द्वारा घटना में अन्य लोगों के शामिल होने की जानकारी भी दी गई है, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।




