नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 24 सितंबर से शुरू होने जा रही तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका ने अपनी 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। नियमित कप्तान टेंबा बावुमा की टीम में वापसी हुई है। इसके साथ ही अनुभवी बल्लेबाज डेविड मिलर और क्विंटन डी कॉक भी इस टीम का हिस्सा हैं।

माना जा रहा है कि ये खिलाड़ी वनडे वर्ल्ड कप 2027 की योजनाओं का अहम हिस्सा हैं। मिलर और क्विंटन डी कॉक दोनों के पास अभी सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट नहीं है, लेकिन उन्होंने इस साल की शुरुआत में टी20 वर्ल्ड कप खेला था।

साउथ अफ्रीकी टीम में गेराल्ड कोएत्जी की वापसी हुई है, जिन्होंने आखिरी बार वर्ल्ड कप 2023 में वनडे फॉर्मेट खेला था। वह कगिसो रबाडा की जगह ले रहे हैं, जो वनडे सीरीज से बाहर हैं और हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण टेस्ट मैचों के लिए फिट होने की कोशिश कर रहे हैं।

पिछले कुछ वर्षों में कोएत्जी चोटों से जूझते नजर आए हैं, लेकिन उनकी वापसी से प्रोटियाज टीम को मजबूती मिलेगी। प्रोटियाज कगिसो रबाडा की रिकवरी पर नजर रखे हुए हैं, जबकि एनरिक नॉर्त्जे पर इस सीरीज के लिए विचार नहीं किया गया।

इस बीच, तूफानी बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस टीम का हिस्सा नहीं हैं, क्योंकि वह टेस्ट सीरीज की तैयारी करेंगे और फर्स्ट-क्लास क्रिकेट खेलेंगे। एडेन मार्करम दूसरे और तीसरे वनडे मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे।

साउथ अफ्रीका के हेड कोच शुक्री कॉनराड ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "जो खिलाड़ी यहां या 'ए' टीम में नहीं हैं, वे फर्स्ट-क्लास क्रिकेट का पहला राउंड खेलेंगे। जो खिलाड़ी वनडे स्क्वाड में नहीं हैं, वे दूसरा राउंड खेलेंगे। इसमें देवाल्ड भी शामिल हैं। वह मिडिल-ऑर्डर में जगह बनाने के लिए मुकाबला कर रहे हैं, और वहां उनका मुकाबला मैथ्यू ब्रीत्जके, ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर से है। उन्हें बांग्लादेश सीरीज में वनडे खेलने का मौका जरूर मिलेगा।"

उन्होंने कहा, "इंग्लैंड के खिलाफ खेलने से पहले हमारे पास 6 वनडे मैच हैं। इंग्लैंड के खिलाफ खेलने वाली टीम वर्ल्ड कप के लिए एक तरह से 'शैडो स्क्वाड' (संभावित टीम) होगी। हमारे पास टॉप ऑर्डर में जगह बनाने के लिए एडेन, रिक्स, क्विनी और टोनी जैसे खिलाड़ी हैं। बस यह सुनिश्चित करना है कि हर किसी को मौका मिले।"

वर्ल्ड कप में अब एक साल से भी कम समय शेष है, ऐसे में यह सीरीज टीम को तैयार करने की दिशा में एक अहम कदम है। साथ ही, इससे उन खिलाड़ियों को भी मौका मिलेगा जो टीम में जगह बनाने की दौड़ में हैं, जब हम सीजन में आगे बांग्लादेश और इंग्लैंड का सामना करेंगे। हमें पता है कि किस तरह के कॉम्बिनेशन चाहिए और खिलाड़ियों से क्या भूमिका निभानी है। बल्लेबाजी के नजरिए से, हमने यह सुनिश्चित करने की कोशिश की है कि हमारे पास ऐसा मिडिल-ऑर्डर हो जो आक्रामक खेल सके, लेकिन जिसमें दबाव झेलने और पारी को आगे तक ले जाने की क्षमता भी हो। यह संतुलन हमारे लिए बहुत जरूरी होगा।"

साउथ अफ्रीका की वनडे टीम: टेंबा बावुमा (कप्तान), ओटनिल बार्टमैन, कॉर्बिन बॉश, मैथ्यू ब्रीत्जके, गेराल्ड कोएत्जी, क्विंटन डी कॉक, टोनी डी जोरजी, ब्योर्न फोर्टुइन, मार्को जानसन, केशव महाराज, क्वेना मफाका, एडेन मार्करम, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, रयान रिकेलटन, ट्रिस्टन स्टब्स।