सिस्टम की सुस्ती, सरकारी जमीन पर दबंगों का राज, चार जनसुनवाई के बाद भी कार्रवाई शून्य

Advertisement
छिंदवाड़ा,जिशान अंसारी । जिले में आयोजित जनसुनवाई के दौरान ग्राम राजाखोह के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जे और प्रशासनिक कार्रवाई में हो रही देरी को लेकर चौथी बार शिकायत दर्ज कराई। बार-बार आवेदन देने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी गई।
ग्रामीणों द्वारा प्रशासन को सौंपे गए आवेदन में बताया गया कि ग्राम के ढाना क्षेत्र स्थित खसरा क्रमांक 133 की शासकीय भूमि में से लगभग 0.150 हेक्टेयर जमीन पर एक व्यक्ति द्वारा अवैध कब्जा कर तुवर की फसल बो दी गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मामले में पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कब्जा हटाने की कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
इसके साथ ही ग्राम पंचायत द्वारा उक्त भूमि को आबादी घोषित करने के लिए पूर्व में प्रस्ताव भी भेजा गया था, लेकिन एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद संबंधित विभाग द्वारा प्रकरण को आगे नहीं बढ़ाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि प्रस्ताव लंबित रहने के कारण गांव के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर शासकीय भूमि से अवैध कब्जा हटाया जाए और लंबित प्रस्ताव पर शीघ्र निर्णय लिया जाए। इस पर मौजूद अधिकारियों ने शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
