छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। थाना देहात क्षेत्र में सामने आए सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे पारिवारिक विवाद और बहन की प्रताड़ना मुख्य कारण बनकर सामने आई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी अपनी बहन के साथ हो रहे कथित अत्याचार और विवादों से बेहद नाराज था, जिसके चलते उसने अपने ही जीजा की हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार काराबोह डेम रिंग रोड के पास मिले युवक के शव मामले में पुलिस ने जांच के दौरान मृतक की पहचान गोलू उर्फ शरद कुमार बैस निवासी परासिया के रूप में की। मामले की तह तक पहुंचने पर पुलिस ने मृतक के साले दिलीप सिसोदिया निवासी ईशानगर को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी बहन शादी के बाद से लगातार परेशान थी। पारिवारिक विवाद लंबे समय से चल रहा था और इसी बात को लेकर उसके मन में गुस्सा बढ़ता गया। आरोपी ने बताया कि कई बार समझाने के बाद भी स्थिति नहीं सुधरी, जिसके बाद उसने गुस्से में आकर अपने जीजा की हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने रस्सी से गला घोंटकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया और शव को सुनसान इलाके में फेंक दिया ताकि मामला छिपा रहे। हालांकि थाना देहात पुलिस, साइबर सेल और एफएसएल टीम की संयुक्त जांच में पूरा मामला 24 घंटे के भीतर उजागर हो गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह घटना एक बार फिर पारिवारिक विवादों के खतरनाक परिणामों को सामने लाती है।




