मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले के सीतामऊ स्थित नक्षत्र ढाबे पर देर रात हुए विवाद का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। वायरल वीडियो में ढाबे के अंदर और बाहर कुछ लोगों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ सीतामऊ थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
एक पक्ष की शिकायत में भाजपा नेता निलेश जैन उर्फ सोनू, राहुल हटेला सहित तीन लोगों पर मारपीट और जातिसूचक शब्द कहने के आरोप लगाए गए हैं। वहीं दूसरे पक्ष ने भी ढाबा संचालक और उसके साथियों पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके आधार पर भी पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
सीतामऊ थाना पुलिस के अनुसार जांच और साक्ष्यों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की विवेचना में जुटी हुई है।




