लोकसभा में शिवराज का ममता सरकार पर तीखा हमला

Advertisement
भोपाल। शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान ममता बनर्जी की सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार को जनहित से ज्यादा राजनीति की चिंता है। शिवराज ने कहा, “विपक्ष चाहे तख्तियां लेकर हाय-हाय करता रहे, लेकिन दुनिया भारत की कृषि नीतियों की तारीफ कर रही है। जलने वाले जलते रहें, हम किसानों का भाग्य बदलकर ही दम लेंगे।”
केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में कई महत्वपूर्ण योजनाएं केवल इस वजह से लागू नहीं की गईं क्योंकि उनके नाम के आगे ‘प्रधानमंत्री’ जुड़ा है। उन्होंने कहा कि ‘प्रधानमंत्री कृषि धन-धान्य’ जैसी योजनाओं को रोकना किसानों के साथ खुला अन्याय और पाप है। उनका कहना था कि बंगाल में प्राकृतिक खेती मिशन तक लागू नहीं किया गया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि राज्य सरकार किसानों के हित से ज्यादा राजनीति को प्राथमिकता दे रही है।
शिवराज सिंह चौहान ने यह भी कहा कि राज्य सरकार को मिट्टी की उर्वरता और जनता के स्वास्थ्य की चिंता नहीं है। प्राकृतिक खेती मिशन को ठंडे बस्ते में डालना इस बात का प्रमाण है कि सरकार सिर्फ वोट बैंक की राजनीति में लगी हुई है।
उन्होंने सदन में कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने कृषि क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। उनके अनुसार देश का खाद्यान्न उत्पादन अब 357 मिलियन टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है और चावल उत्पादन में भारत ने चीन को भी पीछे छोड़ दिया है। शिवराज ने तंज कसते हुए कहा कि एक समय था जब भारत को अनाज के लिए दूसरे देशों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन आज स्थिति यह है कि रिकॉर्ड पैदावार को रखने के लिए गोदाम कम पड़ रहे हैं।
