ठाणे। ठाणे की युवा एथलीट शौर्या अंबुरे ने 2026 डकार यूथ ओलंपिक की 100 मीटर बाधा दौड़ (हर्डल्स) में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश का मान बढ़ाया है। एथलीट ने न केवल पदक जीता, बल्कि राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़कर इतिहास भी रच दिया, हालांकि उनकी यह सफलता आसान नहीं रही। दिसंबर में एसीएल इंजरी के बाद उन्होंने महज नौ महीने में वापसी की।डकार में आयोजित 2026 समर यूथ ओलंपिक गेम्स में भारत ने 10 मेडल्स के साथ अपना सफर पूरा किया। इन मेडल्स में दो गोल्ड, तीन सिल्वर और पांच ब्रॉन्ज शामिल रहे, जो इस प्रतियोगिता के इतिहास में भारत का दूसरा सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है।

दो गोल्ड मेडल के साथ भारत ने यूथ ओलंपिक गेम्स के किसी एक संस्करण में अपने दूसरे सबसे अधिक गोल्ड मेडल जीतने का रिकॉर्ड भी बनाया। इस अभियान के दौरान शौर्या अंबुरे यूथ ओलंपिक गेम्स में एथलेटिक्स में मेडल जीतने वाली पहली भारतीय एथलीट बनीं जिन्होंने लड़कियों की 100 मीटर बाधा दौड़ (हर्डल्स) में ब्रॉन्ज मेडल जीता।

शौर्या अंबुरे ने 'आईएएनएस' को बताया कि चोट से उबरकर इतने कम समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करना काफी मुश्किल था। इसके लिए उन्होंने अपने माता-पिता, कोच और फिजियो का आभार जताया। उन्होंने कहा, "एसीएल इंजरी से पूरी तरह उबरने में आमतौर पर एक साल लगता है, लेकिन मेरे परिवार और कोच के सहयोग से मैं नौ महीने में वापसी कर सकी।"

भारत की तरफ से एथलेटिक्स में अकेली लड़की होने के कारण उन पर काफी दबाव था। हालांकि, रेस को विजुअलाइज करना और खुद से सकारात्मक बातें करना उनके लिए मददगार रहा। शौर्या ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अब तक उन्होंने तीनों बार अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। इसी आत्मविश्वास ने उन्हें नकारात्मक विचारों से दूर रखा।

अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के साथ कोच अजीत सर को देते हुए शौर्या ने कहा कि उनकी मदद के बिना यह वापसी संभव नहीं थी। उनके कोच भी लंबे समय से ओलंपिक का सपना देख रहे थे।

शौर्या का अगला लक्ष्य अंडर-20 एशियन और वर्ल्ड चैंपियनशिप है। उनका अंतिम सपना सीनियर ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करना है। नए खिलाड़ियों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि खेल इंसान को अनुशासित और विनम्र बनाता है। खेल में हर बार खुद को साबित करना पड़ता है।

भारत के 17 एथलीट्स में से नौ पदक जीतकर लौटे। तैराक धिनिधि देसिंगु ने इतिहास रचा, जो यूथ ओलंपिक गेम्स के एक ही संस्करण में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय एथलीट बन गईं।