भोपाल। भोपाल में मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मोहन सरकार और केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। चल रहे विधानसभा सत्र के बीच पटवारी ने शिक्षा, बेरोजगारी, स्वास्थ्य, महंगाई, किसानों की समस्याओं और कथित भ्रष्टाचार को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया।
विधानसभा सत्र और यूसीसी पर सवाल
जीतू पटवारी ने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान राज्य सरकार आठ नए विधेयक लेकर आई है, लेकिन प्रदेश में शिक्षा, बेरोजगारी, स्वास्थ्य, महंगाई और भ्रष्टाचार की स्थिति अकल्पनीय हो चुकी है। समान नागरिक संहिता (UCC) पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि यूसीसी लाया जाना चाहिए, लेकिन क्या सरकार बच्चों को एक जैसी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दे पा रही है और क्या रोजगार का कोई ठोस प्रावधान सरकार करने वाली है। पटवारी ने आरोप लगाया कि यूसीसी मूल रूप से केंद्र का विषय है, फिर भी राज्य सरकार इसे केवल अपनी विफलताओं और पापों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए ला रही है। उन्होंने राज्य सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए यह भी कहा कि सरकार का एक भी मंत्री ईमानदार नहीं है और सरकार जनता की वास्तविक समस्याओं पर चर्चा करने से बच रही है।
कृषि, अमेरिका ट्रेड डील और किसानों का मुद्दा
किसानों के हित में आवाज उठाते हुए पटवारी ने कहा कि अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील से देश की खेती-किसानी पर बड़ा आघात हुआ है, जिससे पूरे देश में किसान आशंकित हैं और आंदोलन की राह पर हैं। राज्य में सरकार मूंग की खरीदी नहीं कर पा रही है और किसानों को उनकी फसलों का उचित समर्थन मूल्य नहीं मिल रहा है। पटवारी ने दावा किया कि मध्य प्रदेश की मोहन सरकार की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है और कांग्रेस किसानों के मुद्दों को लेकर एक बड़ा जन-आंदोलन खड़ा करेगी। इसी कड़ी में जीतू पटवारी आगामी 24 तारीख को हरदा, नर्मदापुरम और नरसिंहपुर जिलों में ट्रेड डील के विरोध में आयोजित किसान आंदोलनों में शामिल होंगे।
छात्र हित, नीट पेपर लीक और इंदौर में प्रदर्शन
पटवारी ने नीट पेपर लीक और नीट-यूजी धांधली के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा और कहा कि राहुल गांधी ने देश के छात्रों की आवाज उठाकर सरकार को जगाने का काम किया था। पटवारी ने चिंता जताते हुए कहा कि पेपर लीक और अनिश्चितता के कारण लगभग 20 बच्चों ने आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम उठाया, फिर भी सरकार ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से नहीं हटाया। इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की कि वे आज ही इंदौर में छात्रों द्वारा आयोजित किए जा रहे बड़े प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे हैं।
श्वेत पत्र की मांग और दतिया उपचुनाव का दावा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार से मांग की है कि प्रदेश की जर्जर आर्थिक स्थिति, किसानों की दुर्दशा, शिक्षा-रोजगार, इन्वेस्टर्स मीट के परिणाम और व्यापक भ्रष्टाचार पर तत्काल श्वेत पत्र जारी किया जाए। इसके अलावा, दतिया विधानसभा उपचुनाव पर विश्वास जताते हुए जीतू पटवारी ने दावा किया कि कांग्रेस इस चुनाव को पांच लाख प्रतिशत यानी भारी बहुमत से जीतेगी।




