जोधपुर। शिवसेना नेता शाइना एनसी ने शरजील इमाम को लेकर 'यूएस कमीशन ऑन इंटरनेशनल रिलीजियस फ्रीडम' की पोस्ट की आलोचना की। उन्होंने कहा कि भारत का अपना संविधान, कानून और अदालतें हैं। उन्होंने धार्मिक स्वतंत्रता के मामलों में किसी भी विदेशी हस्तक्षेप को खारिज कर दिया।शरजील इमाम के मामले में 'यूएस कमीशन ऑन इंटरनेशनल रिलीजियस फ्रीडम' (यूएससीआईआरएफ) की सोशल मीडिया पोस्ट पर शिवसेना नेता शाइना एनसी कहती हैं, "देखिए, यह हमारी अदालत है, हमारा संविधान है और हमारा कानून है। कोई बाहरी व्यक्ति आकर हमें यह नहीं बताएगा कि हमारी धार्मिक स्वतंत्रताएं क्या हैं।"

उन्‍होंने कहा कि भारत की खासियत 'विविधता में एकता' है। हम गणपति उत्सव मनाते हैं, ईद मनाते हैं, गुरु नानक जयंती मनाते हैं और क्रिसमस भी मनाते हैं। यही भारत की खासियत है। वैसे भी, अमेरिका को अपने घर में झांककर देखना चाहिए कि वहां धार्मिक स्वतंत्रता और संविधान की क्या स्थिति है और जो लोग कहते हैं कि इमाम धार्मिक वकालत कर रहे थे तो मैं कहूंगी कि भारत में 20 करोड़ मुसलमान रहते हैं। क्या वे सब जेल में हैं? वे जेल में नहीं हैं। अफवाहें फैलाना बंद करो, हम अपना काम करते रहेंगे।

मनसे प्रमुख राज ठाकरे के बारे में शिवसेना नेता शाइना एनसी ने कहा, "हमारे नेता एकनाथ शिंदे हमेशा 'विविधता में एकता' में विश्वास रखते हैं। इसका मतलब यह है कि हम हर त्योहार एक साथ मिलकर मनाते हैं। यह दुखद है कि जो लोग तुष्टीकरण की राजनीति करते हैं, वे सिर्फ अपने वोट बैंक को खुश करने के लिए इस तरह के बयान देते हैं। अगर आप भारत को देखें तो यहां सदियों से हर धर्म के लोग एक साथ रहे हैं और त्योहार भी साथ मिलकर मनाए हैं और यही हमारा रुख है।"

इससे पहले, अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा द्वारा शरजील इमाम पर अमेरिकी आयोग यूएससीआईआरएफ की टिप्पणी का विरोध किए जाने पर आरपी सिंह ने कहा कि भारत के आंतरिक मामलों में किसी विदेशी संस्था को हस्तक्षेप करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। यह मामला अदालत में लंबित है और इस पर फैसला न्यायालय ही करेगा। सुप्रीम कोर्ट का फैसला सर्वमान्य होगा और किसी बाहरी एजेंसी का हस्तक्षेप स्वीकार नहीं किया जाएगा।