गुनौर, जीतेन्द्र रजक। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार संचालित साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान "Safe Click" के तहत गुनौर थाना प्रभारी बलवीर सिंह के नेतृत्व में गुनौर महाविद्यालय में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन धोखाधड़ी की पहचान तथा सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
थाना प्रभारी बलवीर सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर ठगी के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक करने, ओटीपी साझा करने, फर्जी कॉल एवं सोशल मीडिया पर आने वाले संदिग्ध संदेशों से सावधान रहने की सलाह दी। साथ ही बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने डिजिटल भुगतान की सुरक्षा, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, बैंकिंग फ्रॉड, फिशिंग लिंक और फर्जी मोबाइल ऐप्स से बचने के प्रभावी उपायों की जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से समाधान किया गया।
महाविद्यालय प्रबंधन एवं विद्यार्थियों ने इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित और सतर्क रहने के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को स्वयं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया।




