छतरपुर, संजय अवस्थी। सवर्ण अधिकारी, कर्मचारी एवं सामान्य वर्ग उत्थान संगठन मध्यप्रदेश के तत्वावधान में छतरपुर के एक निजी होटल में सामान्य वर्ग संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में सामान्य वर्ग की वर्तमान स्थिति, उनकी समस्याओं और संगठन की मांगों को लेकर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में संगठन के प्रदेशाध्यक्ष इंजी. अजय तिवारी ने कहा कि संगठन सामान्य वर्ग की समस्याओं और उनकी पीड़ा को प्रमुखता से उठाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि सामान्य वर्ग में भी बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर लोग हैं, इसलिए आरक्षण व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता है।
अजय तिवारी ने कहा कि आरक्षण जाति के आधार पर नहीं, बल्कि आर्थिक स्थिति के आधार पर दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामान्य वर्ग के गरीब परिवारों को भी आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए।
संगोष्ठी में एससी-एसटी एक्ट को लेकर भी संगठन की ओर से मांग रखी गई। प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि इस कानून के तहत कार्रवाई से पहले एसडीओपी स्तर के अधिकारी से जांच कराई जानी चाहिए और जांच में दोषी पाए जाने के बाद ही संबंधित व्यक्ति को जेल भेजने की कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने यूजीसी से जुड़े प्रावधानों पर भी चिंता जताते हुए कहा कि इससे भविष्य में वर्ग संघर्ष की स्थिति पैदा हो सकती है। संगठन ने संबंधित कानून को जल्द से जल्द वापस लेने की मांग की।
संगोष्ठी का आयोजन संगठन की महिला मोर्चा पदाधिकारी श्रीमती नीलम तिवारी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में सामान्य वर्ग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए संगठन की मांगों को व्यापक स्तर पर उठाने का संकल्प लिया गया।




