शारजाह। जिम्बाब्वे की टीम अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे और निर्णायक टेस्ट मैच में जीत से 5 विकेट दूर है। 418 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगान टीम ने चौथे दिन की समाप्ति तक अपनी दूसरी पारी में 5 विकेट गंवा दिए हैं। फिलहाल यह टीम जीत से 275 रन दूर है।

शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने पहली पारी में 339 रन बनाए। टीम को इनोसेंट काइया और बेन करेन ने पहले विकेट के लिए 98 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत दिलाई। बेन करेन 44 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद काइया ने ब्रेंडन टेलर के साथ दूसरे विकेट के लिए 102 रन की साझेदारी की। काइया (96 रन) शतक से महज 4 रन दूर रह गए।

200 रन पर दूसरा विकेट गिरने के बाद जिम्बाब्वे की पारी लड़खड़ा गई और 291 रन तक टीम ने सात विकेट गंवा दिए। इस बीच ब्रेंडन टेलर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 119 रन बनाए। उन्होंने अंतुम नकवी के साथ 35 और तफाद्जवा त्सिगा के साथ 42 रन जोड़े। अंत में ब्रैड इवांस ने नाबाद 32 रन बनाकर ब्लेसिंग मुजरबानी के साथ 27 रन की साझेदारी की।

अफगानिस्तान की ओर से अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे नसीर खान मारूफखिल ने 44 ओवरों में 151 रन देकर 7 विकेट झटके। वहीं, जियाउर रहमान शरीफी को 2 विकेट मिले।

इसके जवाब में अफगानिस्तान की पहली पारी 217 रन पर सिमट गई। टीम ने महज 27 के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद हशमतुल्लाह शाहिदी ने रहमानुल्लाह जादरान के साथ 46 रन और कप्तान रहमत शाह के साथ 27 रन की साझेदारी करते हुए पारी को संभालने की कोशिश की। जादरान ने 34 रन, जबकि शाहिदी ने 30 रन बनाए।

इसके बाद अफसर जजई ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने रहमत शाह के साथ 36 रन और नसीर खान मारूफखिल के साथ 41 रन जोड़े। जजई ने 7 चौकों की मदद से 63 रन बनाए, जबकि अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे नसीर खान ने 20 रन का योगदान दिया।

जिम्बाब्वे की तरफ से विन्सेंट मासेकेसा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 54 रन देकर 4 विकेट झटके। ब्लेसिंग मुजरबानी ने 3, ग्रीम क्रेमर ने 2 और ब्रैड इवांस ने 1 विकेट हासिल किया।

जिम्बाब्वे के पास पहली पारी के आधार पर 122 रन की बढ़त थी। इस टीम ने अपनी दूसरी पारी 295/9 के स्कोर पर घोषित की। इस दौरान कप्तान ब्रायन बेनेट (28) ने ब्रैंडन टेलर (50) के साथ तीसरे विकेट के लिए 55 रन, जबकि ग्रीन क्रेमर (50) ने ब्लेसिंग मुजरबानी (59) के साथ नौवें विकेट के लिए 90 रन की साझेदारी की। विपक्षी खेमे से मोहम्मद सलीम सैफी ने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए, जबकि यामीन अहमदजई, नसीर खान और जियाउर रहमान शरीफी ने 2-2 विकेट झटके।

अफगान खेमे को जीत के लिए 418 रन का विशाल टारगेट मिला। इसके जवाब में अफगानिस्तान ने चौथे दिन की समाप्ति तक 44 ओवरों का सामना करते हुए महज 135 रन तक 5 विकेट खो दिए। इस टीम ने 42 रन तक 3 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद कप्तान रहमत शाह ने हशमतुल्लाह शाहिदी के साथ चौथे विकेट के लिए 48 रन जोड़कर टीम को 90 रन तक पहुंचाया, लेकिन इसके बाद फिर से विकेटों का पतझड़ लग गया।

रहमत शाह 30 रन बनाकर आउट हुए, जबकि हशमतुल्लाह शाहिदी ने 35 रन की पारी खेली। फिलहाल अफसर जजई और इकराम अलीखिल 20-20 रन बनाकर नाबाद हैं। विपक्षी खेमे से ब्रैड इवांस 2 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।

अफगानिस्तान ने तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज में 3-0 से 'क्लीन स्वीप' किया था, जिसके बाद टेस्ट सीरीज का पहला मैच ड्रॉ रहा। ऐसे में सीरीज का दूसरा मुकाबला निर्णायक बन गया है।