टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। संसद में सांसद पप्पू यादव द्वारा साधु वेश धारण कर किए गए प्रदर्शन को लेकर संत समाज ने नाराजगी जताई है। टीकमगढ़ के धजरई हनुमान मंदिर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बुंदेलखंड पीठाधीश्वर एवं निर्मोही अखाड़े के राष्ट्रीय प्रवक्ता महंत सीताराम दास महाराज ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे साधु-संतों का अपमान बताया।
महंत सीताराम दास महाराज ने कहा कि साधु-संतों का वेश सनातन परंपरा, त्याग और तपस्या का प्रतीक है। राजनीतिक प्रदर्शन के लिए इस वेश का इस्तेमाल करना संत समाज की गरिमा के खिलाफ है और इससे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
उन्होंने सांसद पप्पू यादव के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उनकी संसद सदस्यता समाप्त की जाए और कानूनी कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जाए। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद संत समाज के अन्य प्रतिनिधियों ने भी घटना की निंदा की।
संतों ने कहा कि धार्मिक प्रतीकों और संत वेश का राजनीतिक प्रदर्शन के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो संत समाज देशभर में लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करेगा।




