भिंड, अक्षय जोशी । साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे को देखते हुए देहात थाना पुलिस ने ग्राम पंचायत जामना में एक प्रभावी जन चौपाल का आयोजन किया। पुलिस अधीक्षक भिंड सूरज वर्मा के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का मकसद ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी से बचाने की जागरूकता देना था।


थाना प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत ने आसान भाषा में ग्रामीणों को समझाया कि फर्जी कॉल, फेक मैसेज, OTP शेयर करना, बैंक डिटेल्स बताना और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करना कितना खतरनाक हो सकता है। उन्होंने कहा, "एक छोटी सी लापरवाही आपको लाखों रुपये का नुकसान पहुंचा सकती है।"


मुख्य सलाहें दी गईं:

  • कभी भी OTP या बैंक पासवर्ड किसी के साथ शेयर न करें
  • अनजान नंबरों से आने वाली कॉल्स पर सतर्क रहें
  • सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी शेयर करने से बचें
  • साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करें

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की शंकाओं का भी समाधान किया गया। पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराधियों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे नए-नए तरीकों की जानकारी दी और कहा कि "जागरूकता ही सबसे बेहतर सुरक्षा कवच है।"

इस मौके पर एसआई विजय शिवहरे, आरक्षक फिरोज खान, आरक्षक ज्ञानेन्द्र मिश्रा, ग्राम सरपंच प्रतिनिधि सोनू शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

जन चौपाल के जरिए पुलिस और गांववासियों के बीच बेहतर संवाद स्थापित हुआ और साइबर अपराधों की रोकथाम में आम जनता की भागीदारी को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।