मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। सागर में संदिग्ध जहरीली शराब के सेवन से कई लोगों की मौत के मामले को लेकर मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने बड़ा बयान दिया है। मंदसौर में मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि पूरे मामले पर उनकी लगातार नजर बनी हुई है और अधिकारियों से घटना की जानकारी लगातार ली जा रही है।
डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने कहा कि मामले में दोषी कोई भी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
सागर क्षेत्र में संदिग्ध जहरीली शराब से कई लोगों की मौत की सूचना के बाद प्रशासन और आबकारी विभाग भी अलर्ट मोड पर है। घटना के बाद शराब के अवैध कारोबार और संदिग्ध शराब की बिक्री को लेकर निगरानी बढ़ाई जा रही है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है और जांच के आधार पर जो भी व्यक्ति जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




