कीव। यूक्रेन की राजधानी कीव में शुक्रवार सुबह एक और रूसी हमला हुआ। रूसी ड्रोन ने एक रिहायशी इमारत को निशाना बनाया। हमले में 14 वर्षीय लड़के की मौत हो गई। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया कि सुबह से अब तक आठ क्षेत्रों पर हमले हो चुके हैं। ओडेसा में भी एक डाक सुविधा पर दोहरे हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर रूसी हमले की जानकारी साझा की। जेलेंस्की ने पोस्ट किया, ''सुबह रूस ने कीव में एक रिहायशी अपार्टमेंट बिल्डिंग पर ड्रोन से हमला किया। दुख की बात है कि इसमें 14 साल के एक लड़के की मौत हो गई। उसके परिवार और करीबियों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। सात अन्य लोग घायल हुए हैं। घटनास्थल पर लगी आग बुझा दी गई है और राहत और बचाव दल हमले के बाद के हालात से निपटने में जुटे हैं। यह बेहद बेरहम और दिल दहला देने वाला हमला था, जिसके पीछे कोई सैन्य वजह नजर नहीं आती।''
जेलेंस्की ने कहा कि शुक्रवार सुबह से ही हमारे अलग-अलग इलाकों में लगभग लगातार हमलों का खतरा बना हुआ है। दिन की शुरुआत से अब तक कुल आठ क्षेत्रों पर हमले हुए हैं। ओडेसा में एक डाक केंद्र पर एक के बाद एक किए गए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जापोरिज्जिया में एक मेडिकल क्लिनिक को उस समय निशाना बनाया गया, जब अंदर लोग मौजूद थे। सुमी और मायकोलाइव क्षेत्रों में भी लोग घायल हुए हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों में अपनी बैठकों के दौरान यूक्रेन ने अपने सहयोगी देशों को साफ तौर पर बताया है कि अगर रूस पर दबाव नहीं बनाया गया तो सर्दियां नजदीक आने के साथ वह हमले और बढ़ाएगा।
उन्होंने कहा कि कूटनीतिक कोशिशों को कामयाब बनाने के लिए अमेरिका की पाबंदियों को लागू करना होगा और यूरोप की पाबंदियों को और कड़ा करना होगा। हमारे सहयोगी देशों के पास ताकत के जरिए शांति का रास्ता खोलने की क्षमता है। रूस को यह समझना होगा कि वह सिर्फ समय बीतने का इंतजार करके इस स्थिति से नहीं निकल सकता और इस युद्ध को खत्म करना ही होगा।














