अमरपाटन, नरेन्द्र पटेल। सड़क दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने अवैध शराब के बड़े कारोबार का खुलासा करते हुए भारी मात्रा में शराब बरामद की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।


जानकारी के अनुसार 6 जून 2026 को डायल-100 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी कि रामगढ़-अमरपाटन मार्ग पर ताला और किराही गांव के बीच बोलेरो एवं स्कॉर्पियो वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई है। सूचना मिलते ही अमरपाटन थाना पुलिस एवं वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और दुर्घटना की जांच शुरू की।


घटनास्थल पर मौजूद फरियादी की निशानदेही पर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से सात पेटी अवैध शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा लगभग 55.8 लीटर पाई गई। पुलिस ने तत्काल शराब जब्त कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया।


पुलिस के अनुसार ग्राम कुम्हारी के पास हुए इस सड़क हादसे के दौरान बोलेरो वाहन में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा था। उपनिरीक्षक मोहिनी शर्मा एवं उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी उमेश पांडे को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रामनगर थाना क्षेत्र का निवासी है और उसके खिलाफ पूर्व में भी मारपीट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।


प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला कि अवैध शराब के इस कारोबार का मुख्य सरगना अमरपाटन क्षेत्र के ओबरा गांव का निवासी पंकज सिंह है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार पंकज सिंह के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत चार से पांच मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है। पुलिस का कहना है कि उमेश पांडे, पंकज सिंह के साथ मिलकर अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के कारोबार में सक्रिय रूप से शामिल था।


गिरफ्तार आरोपी उमेश पांडे को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया है। वहीं पुलिस मुख्य आरोपी पंकज सिंह की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।