अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में शनिवार से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। तेज बारिश के कारण शहडोल-अमरकंटक मुख्य मार्ग पर राजेंद्रग्राम के पास स्थित गिजरी नाला जलमग्न हो गया है, जिससे इस प्रमुख मार्ग पर बीते 12 घंटे से अधिक समय से आवागमन पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है। रविवार दोपहर तक नाले के ऊपर पानी का तेज बहाव जारी रहने से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और यात्री बेहाल नजर आ रहे हैं।


सुरक्षा के लिहाज से रोका आवागमन, मौके पर पुलिस बल तैनात

प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 12 बजे गिजरी नाले का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा था, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए आवागमन रोक दिया। राजेंद्रग्राम थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह बरकड़े ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए नाले के दोनों छोरों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है और पुलिस बल तैनात किया गया है। जब तक जलस्तर कम नहीं होता, तब तक वाहनों को गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।


सावन में अमरकंटक जा रहे श्रद्धालु और राहगीर परेशान

सावन मास के चलते धार्मिक एवं पर्यटन स्थल अमरकंटक में दर्शन-पूजन के लिए प्रतिदिन देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मुख्य मार्ग पर गिजरी नाले में बाढ़ आ जाने से सैकड़ों यात्री और अमरकंटक, राजेंद्रग्राम व शहडोल के बीच दैनिक आवागमन करने वाले स्थानीय लोग रास्ते में फंस गए हैं और घंटों से मार्ग खुलने का इंतजार कर रहे हैं।


पुष्पराजगढ़ विधायक ने उठाई नए पुल के निर्माण की मांग

घटनाक्रम पर पुष्पराजगढ़ विधायक फुदेलाल सिंह ने एमपीआरडीसी (MPRDC) द्वारा निर्मित इस नीचले पुल को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। विधायक ने कहा कि थोड़ी सी तेज बारिश में ही पानी पुल के ऊपर से बहने लगता है, जिससे अमरकंटक जैसे राष्ट्रीय धार्मिक स्थल का संपर्क कट जाता है। उन्होंने बताया कि वे लंबे समय से अधिकारियों से पत्राचार कर रहे हैं, लेकिन कई दशक पुराने इस जर्जर व नीचले पुल की जगह नए ऊंचे पुल का निर्माण शुरू नहीं हो सका है। विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते नया और सुरक्षित पुल नहीं बनाया गया, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।