गुनौर, जीतेन्द्र रजक । पिछले कई महीनों से गैस सिलेंडर की किल्लत से परेशान गुनौर क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। गुनौर स्थित नितिन एचपी गैस एजेंसी में लंबे समय से बनी गैस संकट की स्थिति अब सामान्य होती दिखाई दे रही है। एजेंसी में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता होने के साथ ही उपभोक्ताओं के घरों तक होम डिलीवरी सेवा भी पुनः शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार बीते महीनों में गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिए उपभोक्ताओं को घंटों तक लाइन में खड़ा रहना पड़ता था। कई बार सुबह से शाम तक इंतजार करने के बाद भी लोगों को सिलेंडर नहीं मिल पाता था। गैस की कमी को लेकर उपभोक्ताओं में लगातार नाराजगी देखी जा रही थी और प्रशासन से लेकर सोशल मीडिया तक शिकायतें पहुंच रही थीं।
अब एजेंसी में सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति शुरू होने के बाद हालात में सुधार आया है। एजेंसी संचालक नरेन्द्र जैन द्वारा उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए होम डिलीवरी व्यवस्था को भी प्रभावी रूप से शुरू किया गया है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं तथा दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले उपभोक्ताओं को विशेष राहत मिलेगी।
एचपी गैस की आधिकारिक व्यवस्था के तहत उपभोक्ताओं को बुकिंग और डिलीवरी के विभिन्न विकल्प उपलब्ध कराए जा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति और होम डिलीवरी सेवा इसी प्रकार जारी रही तो लोगों को एजेंसी के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और रसोई गैस की समस्या से स्थायी राहत मिल सकेगी।
क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में गैस संकट जैसी स्थिति दोबारा उत्पन्न नहीं होगी और एजेंसी उपभोक्ताओं को समय पर बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराती रहेगी।

