भोपाल, सुबोध त्रिपाठी। आगामी त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के उद्देश्य से थाना निशातपुरा पुलिस ने आपराधिक तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जोन-4) संजीव पाठक एवं सहायक पुलिस आयुक्त (निशातपुरा) शशांक जैन के निर्देशन व मौजूदगी में क्षेत्र के गुंडा, निगरानी और चाकूबाज बदमाशों की थाने में परेड कराई गई। इस दौरान थाना क्षेत्र एवं मंडी चौकी क्षेत्र के कुल 60 आदतन व सक्रिय बदमाश थाने में तलब किए गए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा सभी बदमाशों के आपराधिक रिकॉर्ड और डोजियर की जांच कर उन्हें अद्यतन (अपडेट) किया गया। इसके साथ ही सभी के विरुद्ध की गई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और बाउंड ओवर की वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की गई।
परेड के उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारी द्वारा सभी असामाजिक तत्वों को दो टूक शब्दों में सख्त हिदायत दी गई कि वे किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों से पूरी तरह दूरी बनाए रखें और अपने चाल-चलन में तत्काल सुधार लाएं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में किसी भी तरह की शांति भंग करने या कानून हाथ में लेने का प्रयास करने वालों के खिलाफ अत्यंत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।




