भोपाल,जीतेन्द्र यादव। राजेंद्र भारती मामले को लेकर कांग्रेस ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है, जिस पर आज सुनवाई होनी है। इस मामले में मध्यप्रदेश के पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले भी कई कांग्रेस नेताओं को जेल में डाल चुकी है, जो बाद में निर्दोष साबित हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार हिटलर के रास्ते पर चल रही है और लोकतंत्र में उसका कोई भरोसा नहीं है।
राज्यसभा चुनाव को लेकर डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि पार्टी को ऐसे नेता को प्रत्याशी बनाना चाहिए, जिसका प्रदेश में मजबूत जनाधार हो। इससे संगठन और पार्टी दोनों को मजबूती मिलेगी। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि अंतिम निर्णय हाईकमान ही करेगा। क्रॉस वोटिंग के खतरे पर उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सभी विधायकों और नेताओं से लगातार चर्चा कर रहे हैं।
अजय सिंह के राज्यसभा जाने को लेकर उन्होंने किसी भी तरह की संभावना से इनकार किया। वहीं, प्रदेश में गेहूं खरीदी में देरी और ओलावृष्टि को लेकर उन्होंने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि से 20 जिलों में फसलें बर्बाद हो चुकी हैं और ओलावृष्टि ने किसानों की कमर तोड़ दी है।
गोविंद सिंह ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अब तक बारदाने की उचित व्यवस्था नहीं कर पाई है, जिससे खरीदी प्रभावित हो रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त सहकारिता समितियों को खरीदी केंद्र दिए गए हैं, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

