शाहगढ़, सागर, पुष्पेन्द्र यादव। सागर-छतरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग फोरलेन के निर्माण कार्य को लेकर शाहगढ़ क्षेत्र से सड़क की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करने वाली खबर सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार शाहगढ़ के पठानबली घाटी के आगे पानी की खदान के पास नव-निर्मित फोरलेन का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। बताया जा रहा है कि सड़क का हिस्सा धंसने अथवा टूटने के कारण निर्माण की गुणवत्ता को लेकर क्षेत्रवासियों में चिंता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फोरलेन अभी पूरी तरह से यातायात के लिए शुरू भी नहीं हुआ है और उससे पहले ही सड़क के एक हिस्से के क्षतिग्रस्त होने की स्थिति सामने आई है। ऐसे में मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि निर्माण के शुरुआती दौर में ही सड़क क्षतिग्रस्त होने लगी है तो आने वाले समय में भारी बारिश और लगातार भारी वाहनों के दबाव के बीच सड़क की स्थिति क्या होगी, यह चिंता का विषय है। लोगों ने पूरे निर्माण कार्य की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराने की मांग की है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से मांग की है कि क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण कर सड़क निर्माण में इस्तेमाल सामग्री और निर्माण प्रक्रिया की गुणवत्ता की जांच कराई जाए। साथ ही जहां भी निर्माण में कमी पाई जाए, उसे संबंधित निर्माण एजेंसी से निर्धारित मानकों के अनुसार दुरुस्त कराया जाए।
लोगों ने सड़क की मरम्मत के साथ-साथ भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा न हो, इसके लिए निर्माण कार्य में सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की भी मांग की है।




