भोपाल, जीतेन्द्र यादव। NEET (राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा) पेपर लीक और धांधली के मुद्दे को लेकर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सियासी पारा चरम पर पहुंच गया है। एक दिन पूर्व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा किए गए प्रदर्शन के जवाब में आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देश पर बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से भाजपा प्रदेश कार्यालय का घेराव करने के लिए सड़कों पर उतर आए।


कांग्रेस दफ्तर पर भारी पुलिस बल तैनात

कांग्रेस के इस बड़े प्रदर्शन और घेराव आंदोलन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर और भाजपा दफ्तर की ओर जाने वाले मुख्य मार्गों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस द्वारा जगह-जगह बैरिकेड्स लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने के कड़े इंतजाम किए गए हैं।


वार-पलटवार का दौर जारी

गौरतलब है कि बीते दिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया था, जिसके पलटवार में आज कांग्रेस ने सड़कों पर उतरकर भाजपा कार्यालय के घेराव की रणनीति बनाई। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि NEET पेपर लीक मामले से देश के लाखों युवाओं का भविष्य अंधकार में लटक गया है और सरकार दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है। समाचार लिखे जाने तक सड़कों पर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और बैरिकेडिंग पर धक्का-मुक्की का दौर जारी था।