इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के शनिवार (19 सितंबर) को इंदौर में आयोजित होने वाले 'छात्रों की गूंज' संवाद कार्यक्रम को लेकर विवाद और प्रशासनिक अड़चनों का दौर जारी है। नेहरू स्टेडियम की अनुमति न मिलने के बाद कांग्रेस द्वारा चुने गए रीजनल पार्क के पास इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) के मैदान को लेकर शुल्क में बढ़ोतरी और पुलिस विभाग द्वारा थोपी गई 31 कड़ी सुरक्षा शर्तों पर कांग्रेस ने तीखा ऐतराज जताया है।
आईडीए शुल्क और पुलिस की 31 कड़ी शर्तें बने विवाद की वजह
कांग्रेस ने 12 हजार वर्गमीटर के मैदान के अस्थायी उपयोग के लिए पहले ₹10.08 लाख जमा किए थे। 17 सितंबर को आईडीए ने तय तारीख से पहले डोम और तैयारियां शुरू करने का हवाला देकर ₹4 लाख की अतिरिक्त राशि मांग ली, जिसे कांग्रेस ने विरोध जताते हुए जमा करा दिया। आईडीए की 5 शर्तों के बाद इंदौर पुलिस ने शहराध्यक्ष चिंटू चौकसे को 31 सुरक्षा शर्तों की सूची सौंपी है। इनमें पार्किंग, सीसीटीवी, भीड़ प्रबंधन, आपातकालीन निकास और मंच सुरक्षा शामिल हैं। पुलिस ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की हत्या की जांच से जुड़ी 'वर्मा आयोग' की रिपोर्ट का हवाला देकर आयोजकों की जवाबदेही तय की है।
कांग्रेस का पलटवार: 'विपक्ष और युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास'
पूर्व मंत्री और कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) सदस्य कमलेश्वर पटेल ने पत्रकार वार्ता में सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए: कमलेश्वर पटेल ने कहा कि कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे के बाद इंदौर में भी भाजपा सरकार राहुल गांधी के कार्यक्रम में किसी न किसी तरह अड़चनें डाल रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस की सभी शर्तों का पालन करते हुए कार्यक्रम भव्य रूप से आयोजित होगा। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इंदौर कार्यक्रम को सरकारी धन का दुरुपयोग बताते हुए कहा कि जनता के टैक्स के पैसे से बसें लगाकर भीड़ जुटाई गई। उन्होंने सरकार को दीपोत्सव के बजाय रोजगार, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और सामाजिक सुरक्षा पेंशन पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।
1 लाख छात्रों के जुटने का दावा; 250 से अधिक दिग्गज नेता होंगे शामिल
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश में व्यापमं, MPPSC, पेपर लीक, समय पर परीक्षाएं कराने (एकेडमिक कैलेंडर) और शिक्षित बेरोजगारों के लिए रोजगार जैसे ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा होगी। बारकोड पंजीयन के जरिए करीब 1 लाख विद्यार्थियों के पहुंचने का दावा किया गया है। मंच के पास ही 250 वरिष्ठ नेताओं के बैठने के लिए अलग दीर्घा बनाई गई है। कार्यक्रम में पवन खेड़ा, सुप्रिया श्रीनेत्र, हरीश चौधरी सहित मध्य प्रदेश के सभी कांग्रेस विधायक और वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।




