जबलपुर, अनुराग शुक्ला। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर जबलपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘गरिमा अभियान’ के तहत गुरुवार को स्कूलों के आसपास सघन जांच अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनु बेनिवाल ने महिला थाना प्रभारी मंजू शर्मा और शक्ति टास्क फोर्स की टीम के साथ विभिन्न स्कूलों के आसपास निरीक्षण किया।


अभियान के दौरान स्कूलों के आसपास घूम रहे संदिग्ध युवकों और मनचलों पर पुलिस ने नजर रखी। साथ ही बिना हेलमेट, बिना नंबर प्लेट तथा टूटी-फूटी नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनिवाल ने स्कूली छात्राओं से संवाद कर उनकी सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि यदि कोई व्यक्ति छेड़छाड़, परेशान करने या डराने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस उनकी सहायता और सुरक्षा के लिए तत्पर रहेगी।


पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि जिले की प्रत्येक बेटी को स्कूल, कोचिंग, खेलकूद सहित अन्य कार्यों के लिए सुरक्षित और आत्मविश्वास के साथ घर से निकलने का अधिकार है। किसी भी असामाजिक तत्व द्वारा परेशान किए जाने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाएगी।


पुलिस के मुताबिक ‘गरिमा अभियान’ का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण तैयार करना है। अभियान के तहत स्कूलों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों के आसपास पुलिस की निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।