मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। सुवासरा नगर में व्यापारियों के आह्वान पर आज से अनिश्चितकालीन बंद शुरू हो गया है। व्यापारी संगठन ने भीम आर्मी नेता शंभू लाल उर्फ प्रिंस सूर्यवंशी सहित अन्य लोगों पर व्यापारियों के साथ गाली-गलौज करने, डराने-धमकाने और एससी/एसटी एक्ट में झूठा फंसाने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
मामले को लेकर व्यापारियों में नाराजगी बनी हुई है और वे संबंधित लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं। विवाद को सुलझाने के लिए देर रात सीतामऊ एसडीओपी दिनेश प्रजापत ने व्यापारियों से चर्चा की, लेकिन बातचीत के बाद भी सहमति नहीं बन सकी।
व्यापारियों का कहना है कि जब तक उनकी शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक सुवासरा नगर का बंद जारी रहेगा। अनिश्चितकालीन बंद के पहले दिन इसका व्यापक असर देखने को मिला और नगर की अधिकांश दुकानें बंद रहीं। बाजार बंद रहने से सामान्य व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हुईं।
व्यापारी संगठन ने प्रशासन और पुलिस से मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की है। वहीं, समाचार लिखे जाने तक लगाए गए आरोपों पर दूसरे पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




