टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस ने अस्पताल चौराहे पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना हेलमेट, वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने और बिना नंबर के वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने करीब 15 चालान काटे। वहीं, तेज पटाखे जैसी आवाज करने वाली बुलेट मोटरसाइकिलों पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
यातायात पुलिस ने कोचिंग और कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी तेज रफ्तार से वाहन नहीं चलाने तथा हेलमेट पहनकर ही दोपहिया वाहन चलाने की समझाइश दी। पुलिस ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर शहर के अलग-अलग प्रमुख स्थानों पर वाहन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।
यातायात प्रभारी सूबेदार उत्तम सिंह ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। खासकर तेज आवाज करने वाले वाहनों और बिना जरूरी दस्तावेजों के चलने वाले वाहनों पर पुलिस की नजर रहेगी।




