छतरपुर (नौगांव)। छतरपुर जिले के नौगांव कस्बे में मेला ग्राउंड के बाहर से एक युवती को जबरन सफेद रंग की अर्टिगा कार में अगवा कर ले जाने की सनसनीखेज सूचना सामने आई है। दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले इलाके से युवती के अपहरण की खबर फैलते ही पूरे नगर और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों और सोशल मीडिया पर सामने आ रही प्राथमिक जानकारियों के अनुसार, युवती को सफेद अर्टिगा कार (संभावित नंबर MP 16 4338) में बैठाकर ले जाया गया है। घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक सफेद रंग की संदिग्ध कार तेजी से गुजरती हुई दिखाई दे रही है।


एसपी के निर्देश पर आला अफसर मौके पर, मेला ग्राउंड क्षेत्र छावनी में तब्दील

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) रजत सकलेचा के निर्देश पर तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एडिशनल एसपी आदित्य पटले और नौगांव एसडीओपी अमित मेश्राम ने घटनास्थल का मुआयना कर प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है। आसपास के प्रतिष्ठानों और मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को कब्जे में लेकर खंगाला जा रहा है, ताकि गाड़ी की सटीक नंबर प्लेट और उसमें सवार लोगों की पहचान की जा सके। सभी प्रमुख मार्गों, चौराहों और जिले की सीमाओं पर सघन नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही है।


अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील, पुलिस की जांच के बाद ही साफ होगी स्थिति

घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं और कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह वास्तविक अपहरण की घटना है, पारिवारिक विवाद है अथवा कोई अन्य मामला, यह पूरी पड़ताल और जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

संबंधित युवती कौन है और कार में सवार लोग कौन थे, इसका पता लगाने के लिए साइबर सेल और पुलिस की टीमें लगातार सक्रिय हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी जाएगी।


"मेला ग्राउंड के बाहर से सफेद अर्टिगा कार में एक युवती को ले जाए जाने की सूचना मिली है। मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध कार के नंबर को ट्रेस किया जा रहा है। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच जारी है, तथ्यों की पुष्टि होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।"

— अमित मेश्राम, एसडीओपी, नौगांव

खबर लगातार अपडेट हो रही है...