पन्ना/गुनौर, जीतेन्द्र रजक। पन्ना से गुनौर आ रही पांडेय बस सर्विस की यात्री बस शनिवार शाम पड़ेरी और ककरहटा के बीच अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे के समय बस में बच्चों और महिलाओं समेत करीब 25 से 30 यात्री सवार थे। दुर्घटना में छह यात्री घायल हुए हैं। गनीमत रही कि बस सड़क से नीचे खेत में पलटने के बावजूद कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और कई यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई।


जानकारी के अनुसार पांडेय बस सर्विस की बस क्रमांक MP 35 P 0216 पन्ना से गुनौर की ओर आ रही थी। पड़ेरी-ककरहटा के बीच अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खेत में जाकर पलट गई। बताया जा रहा है कि बस का स्टीयरिंग फेल होने के कारण चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद बस क्लीनर साइड से खेत में पलट गई।


छह यात्री घायल


हादसे में छह यात्री घायल हुए हैं। घायलों में मीरा पति सियाराम बर्मन (36), स्नेहा पिता सियाराम बर्मन (11), ध्रुव पिता सियाराम बर्मन (17), शिवा पिता सियाराम बर्मन (15), भूरी बाई पति जीवन लाल वर्मा (55) और अनीता वर्मा (29) शामिल हैं। मीरा, स्नेहा, ध्रुव और शिवा गुनौर निवासी बताए गए हैं, जबकि भूरी बाई पन्ना और अनीता वर्मा पड़ेरी निवासी हैं।


घटना के बाद घायलों को FRV वाहन की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गुनौर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। सूचना मिलने पर घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।


पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति


बस पलटने की सूचना मिलते ही गुनौर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। अस्पताल में भी थाना स्टाफ मौजूद रहा। FRV वाहन के एचसी पी. सिंह और पायलट पुरुषोत्तम लखेरा ने घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद की।


हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि बस के खेत में पलटने के बावजूद बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर स्टीयरिंग फेल होने की बात सामने आई है।