इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में 9 लोगों की मौत हो गई। केपी में रविवार तड़के एक ट्रक ने वाहन को टक्कर मार दी जिससे घटनास्थल पर ही दो की मौत हो गई और 8 घायल हो गए, वहीं पंजाब में शनिवार रात हुए हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई जबकि 60 घायल हो गए।

पाकिस्तानी न्यूज एजेंसी एपीपी के अनुसार, रविवार सुबह खैबर पख्तूनख्वा के दरगाई तहसील के साखा कोट इलाके में एक ट्रक और फोर व्हीलर के बीच हुई टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। ट्रक ने सुजुकी गाड़ी को जबरदस्त टक्कर मार दी। इस गाड़ी में वेटर्स का एक ग्रुप सवार था जो बाजौर जा रहा था।

रेस्क्यू 1122 की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद टीएचक्यू अस्पताल दरगाई पहुंचाया। मृतकों के शवों को भी अस्पताल ले जाया गया। जिनकी पहचान शयान और एहतेशाम के रूप में हुई। ये केपी के मर्दान जिला स्थित जलाला गांव के रहने वाले थे। घायल भी उसी इलाके के रहने वाले थे और सबकी उम्र 20 से 23 साल के बीच है।

इससे कुछ घंटे पहले यानी शनिवार रात पंजाब प्रांत में ट्रैक्टर-ट्रेलर की टक्कर में 7 लोगों की मौत हो गई जबकि 60 लोग घायल हो गए। स्थानीय पुलिस ने रविवार को बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

सिंहुआ न्यूज एजेंसी के अनुसार, शनिवार को हादसा रहीम यार खान जिले के जहीर पीर इलाके में हुआ। पुलिस ने इस हादसे का कारण ट्रेलर चालक की लापरवाही को बताया है।

घायलों को पुलिस ने शेख जायद अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। सिंहुआ को अस्पताल के प्रवक्ता ने बताया कि 4 ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया वहीं तीन की मौत इलाज के दौरान हो गई।