छतरपुर, विनोद मिश्रा। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत हमां बस स्टैंड के पास देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक सवार पिता और उनके पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके साथ सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका जिला अस्पताल में उपचार जारी है। इस दर्दनाक घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर चक्काजाम कर दिया, जिसके बाद स्थिति को संभालने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बड़ेरापुरा (सौंप) निवासी कृपाल सिंह यादव (52) और उनके पुत्र कुंती सिंह यादव (30) एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर मोटरसाइकिल से वापस अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में छतरपुर बस स्टैंड पर स्थित छक्की यादव की दूध डेयरी पर काम करने वाले क्षेत्र के ही युवक हेमंत कुशवाहा (19) ने उन्हें देखा और घर जाने के लिए लिफ्ट मांग ली। इसके बाद तीनों लोग एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर के लिए रवाना हुए थे, लेकिन हमां बस स्टैंड के पास महोबा रोड की ओर से काल बनकर आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कृपाल सिंह यादव की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। घटना के बाद जुटे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से गंभीर रूप से घायल कुंती सिंह यादव और हेमंत कुशवाहा को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ इलाज के दौरान कुंती सिंह यादव ने भी दम तोड़ दिया। घायल हेमंत कुशवाहा ने बताया कि हादसा रात करीब 11:40 बजे हुआ। टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हेमंत ने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के बाद उनके मोबाइल भी मौके से गायब हैं, जिन्हें संभवतः कोई उठा ले गया।
ग्रामीणों ने लगाया चक्काजाम, मौके पर पहुंचा भारी पुलिस बल
सोमवार की सुबह परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए। अज्ञात वाहन चालक की गिरफ्तारी, मोबाइल चोरी की जांच और मुआवजे की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। चक्काजाम की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस सहित वरिष्ठ अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर और आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाने के प्रयास शुरू किए। घटनास्थल पर आरोपी वाहन के कुछ टूटे हुए हिस्से मिले हैं, जिनके आधार पर पुलिस गाड़ी की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह ने मर्ग कायम कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मरचुरी भिजवाया। हादसे की खबर लगते ही जिला अस्पताल में कांग्रेस के पूर्व नेता नीरज दीक्षित भी पहुंचे, जिन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढाँढस बंधाया और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। पुलिस अज्ञात वाहन और फरार चालक की सरगर्मी से तलाश कर रही है।




