राजनगर/छतरपुर। राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोड़ा में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट और सरेराह फायरिंग की गंभीर घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एडिशनल एसपी) आदित्य पटले ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम कोड़ा में हुई इस हिंसक वारदात के संबंध में राजनगर थाने में विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया था। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच और गवाहों के बयानों के आधार पर तीन नामजद और एक अज्ञात सहित कुल चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।


हथियार बरामद, शेष आरोपी भी जल्द होंगे सलाखों के पीछे

पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी कर नामजद आरोपी शालिग्राम गर्ग और अंकित मिश्रा को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना के वक्त दहशत फैलाने के लिए उपयोग में लाया गया अवैध हथियार भी बरामद कर लिया है। एडिशनल एसपी ने बताया कि मामले में शामिल दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार चल रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस प्रशासन का दावा है कि फरार आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस मुस्तैद कार्रवाई के बाद से क्षेत्र के असामाजिक तत्वों में हड़कंप है।