लवकुशनगर। थाना क्षेत्र के बम्होरी गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में साढ़े तीन वर्षीय मासूम बालक की मौत हो गई। भैंस की रस्सी गले में फंस जाने से बालक करीब आधा किलोमीटर तक घिसटता चला गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार जागे राजपूत अपनी भैंस को गर्भाधान के लिए बम्होरी गांव निवासी बृजभान तिवारी के यहां लेकर आया था। इसी दौरान भैंस अचानक बिदककर भागने लगी। उसी समय घर के बाहर खेल रहे सुनील अहिरवार के साढ़े तीन वर्षीय पुत्र राजवीर अहिरवार के गले में भैंस की रस्सी फंस गई। भैंस बच्चे को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजन तत्काल राजवीर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लवकुशनगर लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।


सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू की। इस दौरान परिजनों ने मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। परिजनों का कहना था कि पहले दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए, उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने परिजनों को समझाइश देते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं मासूम की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।