छतरपुर(संदीप यादव)। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में शुक्रवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने शहर के छत्रसाल चौक पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के खिलाफ भी नारे लगाए और नामांकन निरस्त किए जाने को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के विरुद्ध बताया। पुतला दहन के समय पुलिस एवं प्रशासनिक अमले की मौजूदगी रही। पुतले को बुझाने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा वाटर कैनन का उपयोग किया गया।


एनएसयूआई आईटी सेल अध्यक्ष अश्विनी मिश्रा ने बताया कि कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किया जाना लोकतंत्र की भावना के विपरीत है। इसी के विरोध में संगठन द्वारा चुनाव आयोग का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया गया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रख रहे हैं और इस निर्णय को लेकर युवाओं में आक्रोश है। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में एनएसयूआई एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।