दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के दौरान पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों के प्रदर्शन से जुड़े मामले में नया घटनाक्रम सामने आया है। शुक्रवार को टिकट की घोषणा के बाद समर्थकों ने प्रदर्शन किया था। घटना के 6 दिन बाद कोतवाली पुलिस ने बाजार बंद कराने और दुकानदारों से अभद्रता करने के आरोप में 8 से 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, फरियादी कार्तिक रायकवार (26), निवासी सपा पहाड़, रेलवे स्टेशन के पास, ने शिकायत दर्ज कराई कि 10 जुलाई की रात करीब 8 बजे वह किला चौक पर खड़ा था। इसी दौरान 8 से 10 अज्ञात युवक वहां पहुंचे और डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थन में नारेबाजी करने लगे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि युवकों ने दुकानदारों पर दुकानें बंद करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर फरियादी और दुकानदारों के साथ गाली-गलौज की गई। इसके बाद सभी आरोपी वहां से चले गए। फरियादी ने पुलिस को बताया कि घटना के समय वह डर गया था, इसलिए तुरंत शिकायत नहीं कर सका। बाद में 15 जुलाई को कोतवाली थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।


हाईवे जाम के दौरान बाजार भी बंद कराने पहुंचे थे कुछ लोग

गौरतलब है कि 10 जुलाई को टिकट कटने के विरोध में डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने हाईवे जाम किया था। इसी दौरान कुछ समूह किला चौक और मुख्य बाजार में दुकानें बंद कराने भी पहुंचे थे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने शहर में मुनादी कराकर व्यापारियों से अपील की थी कि वे किसी के दबाव में आकर दुकानें बंद न करें। एसडीओपी आकांक्षा जैन ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बाजार बंद कराने और अभद्रता करने के आरोप में 8 से 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।