अजयगढ़, मोहम्मद मुस्तकीम। अजयगढ़ क्षेत्र के लोढ़ापुरवा गांव की बीएससी फाइनल वर्ष की टॉपर छात्रा सृष्टि उर्फ प्रिया मिश्रा की आत्महत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा कथित रूप से ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से परेशान थी, जिसके चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया।
जानकारी के अनुसार छात्रा ने आत्महत्या करने से पहले एक वीडियो बनाया था और एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है। सुसाइड नोट में उसने भीना गांव निवासी बड़कू ठाकुर का नाम लेते हुए उसे अपनी परेशानी और प्रताड़ना का कारण बताया है। नोट में छात्रा ने यह भी स्पष्ट लिखा है कि उसके माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्य उसकी आत्महत्या के लिए किसी भी तरह से जिम्मेदार नहीं हैं।
बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पूर्व बनाए गए वीडियो में भी छात्रा रोते हुए अपनी पीड़ा व्यक्त कर रही है तथा कथित रूप से उसे परेशान करने वाले युवक का नाम ले रही है। मामले की जांच के दौरान पुलिस को छात्रा के मोबाइल फोन से कुछ चैटिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
मृतका सृष्टि उर्फ प्रिया मिश्रा अजयगढ़ कॉलेज की बीएससी फाइनल वर्ष की छात्रा थी और अपने कॉलेज की टॉपर बताई जा रही है। छात्रा के पिता ने भी पहले ही एक युवक पर उनकी बेटी को प्रताड़ित करने और मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप लगाए थे।
इधर इस घटना को लेकर ब्राह्मण समाज में भी आक्रोश व्याप्त है। समाज के कई लोगों ने अजयगढ़ थाना पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। समाज के प्रतिनिधियों ने मृतका को न्याय दिलाने और दोषियों को सख्त सजा दिलाने की बात कही है।
वहीं अजयगढ़ थाना पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट, वीडियो और मोबाइल से प्राप्त अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है तथा तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

