नौगांव(कमल यादव)। छतरपुर जिले के नौगांव में 50 बेड क्षमता वाले नवीन सिविल हॉस्पिटल का गुरुवार दोपहर 1 बजे विधिवत शुभारंभ कर दिया गया। लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह अस्पताल टीवी अस्पताल कैंपस, तहसील चौराहा नौगांव में बनकर तैयार हुआ है।


शुभारंभ कार्यक्रम में छतरपुर कलेक्टर पथ जायसवाल, क्षेत्रीय विधायक कामाख्या प्रताप सिंह, एसडीएम गोपाल शरण पटेल, सीएमएचओ डॉ. आर.पी. गुप्ता, बीएमओ डॉ. रविंद्र पटेल तथा जनपद अध्यक्ष हेमलता पाठक सहित कई अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


इस नवीन अस्पताल में 50 बेड की सुविधा के साथ 24 घंटे डॉक्टरों की उपलब्धता रहेगी। यहां एमडी डॉक्टर सहित एमबीबीएस चिकित्सक, प्रसूति विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, ऑपरेशन थिएटर, डिलीवरी वार्ड, जनरल वार्ड और आईसीयू वार्ड की व्यवस्था है। विभिन्न प्रकार की जांच नि:शुल्क उपलब्ध होंगी तथा एंबुलेंस सुविधा भी प्रदान की जाएगी।


इस अस्पताल से नौगांव नगर की लगभग एक लाख आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के करीब दो दर्जन गांवों और टीकमगढ़ जिले के लगभग आधा दर्जन गांवों के निवासियों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।


कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने कहा कि भविष्य में अस्पताल में जो भी कमियां रह जाएंगी, उन्हें शीघ्र दूर किया जाएगा और लोगों को और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। सीएमएचओ डॉ. आर.पी. गुप्ता ने बताया कि आने वाले समय में यहां ब्लड बैंक और अधिक डॉक्टरों की व्यवस्था भी की जाएगी साथ ही इस अस्पताल को 100 बेड का किया जाएगा।

क्षेत्रीय विधायक कामाख्या प्रताप सिंह ने इसे नौगांव नगर के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इस अस्पताल से न सिर्फ नगरवासियों बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।