जबलपुर, अनुराग शुक्ला। तिलवारा थाना क्षेत्र में हुई अंधी हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक विधि विवादित बालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते दस्सीलाल बसौर की चाकू मारकर हत्या करना स्वीकार किया है। घटना के बाद भागते समय दो युवकों से रुपये मांगकर चाकू की नोक पर मोबाइल लूटने की वारदात भी आरोपियों ने कबूल की है।


पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में शुभम पाण्डेय पिता श्याम सुंदर पाण्डेय उम्र 24 वर्ष निवासी शास्त्रीनगर तिलवारा, शरद बर्मन पिता मुकेश बर्मन उम्र 21 वर्ष निवासी भटौली ग्वारीघाट तथा एक 17 वर्षीय विधि विवादित बालक शामिल है। आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल, दो बटनदार चाइना चाकू और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।


जानकारी के अनुसार 4 मई की रात करीब 2:30 बजे जोधपुर पड़ाव स्थित धन महल के पास रहने वाली लक्ष्मीबाई बसौर घर के बाहर बनी टपरिया में गई थीं। वापस लौटते समय उन्होंने देखा कि उनके पति दस्सीलाल बसौर लहूलुहान हालत में पड़े हुए हैं। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विभिन्न टीमों का गठन कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या और लूट की पूरी वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।