महाराजपुर,संदीप यादव। थाना क्षेत्र के ग्रामपुर गांव में शनिवार सुबह बारिश के कारण एक कच्चा मकान अचानक ढह गया। इस हादसे में तीन छोटे बच्चे मलबे में दब गए। गांव वालों और परिवारजनों ने तुरंत मदद की और बड़ी मुश्किल से तीनों बच्चों को बाहर निकाला।


हादसे में अमन साहू और उसकी दो छोटी बहनें घायल हो गईं। अमन साहू गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि दोनों बहनों को मामूली चोटें आई हैं। घायल बच्चों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां अमन साहू को भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया है। दोनों बहनों का प्राथमिक उपचार किया गया।


स्थानीय लोगों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश से मकान की दीवारें और छत कमजोर हो गई थी, जिसके कारण सुबह अचानक पूरा मकान गिर पड़ा। उस समय तीनों बच्चे मकान के अंदर खेल रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गए।


पुलिस और प्रशासन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। घटना की जांच की जा रही है। प्रशासन ने परिवार को तत्काल सहायता पहुंचाने का आश्वासन दिया है।