उज्जैन, अशोक दायमा। धर्मनगरी उज्जैन के रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार रात एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। एक महिला अपने दो मासूम बच्चों को रेलवे स्टेशन के मुसाफिरखाने में टेबल पर लिटाकर रहस्यमयी तरीके से वहां से चली गई। कुछ देर बाद जब लोगों की नजर बच्चों पर पड़ी तो स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया।

घटना प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पार्सल गोदाम के पास बने मुसाफिरखाने की है। सूचना मिलते ही जीआरपी थाना प्रभारी सुनील गुप्ता महिला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने देखा कि टेबल पर दो छोटे बच्चे अकेले पड़े हुए थे। इनमें करीब 6 से 7 माह का बालक और डेढ़ से दो साल की मासूम बच्ची शामिल है।

पुलिस टीम ने तत्काल दोनों बच्चों को सुरक्षित थाने पहुंचाया। इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में अस्पताल ले जाकर उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। रात में ही दोनों मासूमों को मातृछाया संस्था के संचालक मनीष बैरागी के संरक्षण में सौंप दिया गया।


सीसीटीवी में कैद हुई महिला की तस्वीर

मामले में पुलिस अब महिला की तलाश में जुट गई है। रेलवे स्टेशन परिसर और पार्सल गोदाम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने पर एक महिला दोनों बच्चों को लेकर प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर आती दिखाई दे रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर महिला की पहचान करने और बच्चों के माता-पिता व परिजनों की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।

फिलहाल दोनों मासूम सुरक्षित हैं और मातृछाया संस्था की देखरेख में हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर वह महिला कौन थी और किन परिस्थितियों में अपने दो जिगर के टुकड़ों को इस तरह अकेला छोड़कर चली गई? पुलिस मामले की जांच कर रही है।