गुनौर,जीतेन्द्र रजक । क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित सकरिया-डिघोरा सड़क एक बार फिर घटिया निर्माण कार्य के कारण उखड़ने लगी है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर लगातार उठ रहे सवालों के बीच गुनौर विधायक राजेश वर्मा ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क की स्थिति देखकर स्वयं विधायक भी हैरान रह गए, जहां डामर हाथों से ही उखड़ता नजर आया, वहीं मौजूद पीडब्ल्यूडी अधिकारी मूकदर्शक बने रहे।


विधायक वर्मा ने मौके पर ही सड़क की गुणवत्ता की जांच की और डामर की परत को हाथ से उखाड़कर अधिकारियों को दिखाया। उन्होंने निर्माण कार्य में भारी लापरवाही पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यह पूरी तरह से भ्रष्टाचार और घटिया कार्य का उदाहरण है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि इस प्रकार की लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


स्थानीय ग्रामीणों ने भी विधायक के सामने अपनी समस्याएं रखते हुए बताया कि सड़क निर्माण के कुछ ही समय बाद यह उखड़ने लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया है, जिसके कारण सड़क टिक नहीं पा रही है। ग्रामीणों ने कहा कि इस सड़क पर चलना भी मुश्किल हो गया है और बरसात के मौसम में हालात और अधिक खराब हो जाएंगे, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाएगा।


विधायक ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच के निर्देश दिए और दोषी ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सड़क का पुनर्निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ कराया जाए, ताकि जनता को बेहतर सुविधा मिल सके। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा सामने नहीं आनी चाहिए।


इस दौरान पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। विधायक के इस निरीक्षण के बाद अब लोगों को उम्मीद है कि सड़क की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।