पटना। सरकारी नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। दरअसल, बिहार तकनीकी सेवा आयोग (बीटीएससी) ने डेयरी, मत्स्य और पशु संसाधन विभाग, बिहार सरकार (मत्स्य निदेशालय) में मत्स्य प्रसार पदाधिकारी के कुल 231 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है। मत्स्य प्रसार पदाधिकारी के 231 पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 24 सितंबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर तक तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे बीटीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास इंडियन काउंसिल ऑफ एग्रीकल्चरल रिसर्च (आईसीएआर), नई दिल्ली से मान्यता प्राप्त एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी के अंतर्गत आने वाले कॉलेज ऑफ फिशरीज से फिशरीज साइंस में 4 वर्ष की बैचलर डिग्री होनी चाहिए।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु अनारक्षित पुरुष के लिए 37 वर्ष और अनारक्षित महिलाओं के लिए 40 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदकों की जांच, कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी वेतन स्तर-7 के तहत प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन पत्र भरते समय अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सभी वर्ग के लिए 100 रुपए तय किया गया है। कैंडिडेट्स ध्यान दें कि रजिस्ट्रेशन फीस के भुगतान के बाद ही उनके एप्लीकेशन फॉर्म को स्वीकार किया जाएगा।












