पुडुचेरी। भारत ए ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अनौपचारिक चार दिवसीय टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ए को 162 रनों से हराया। शम्स मुलानी का प्रदर्शन मुकाबले में शानदार रहा और उन्होंने दूसरी पारी में 3 और मैच में कुल 7 विकेट अपने नाम किए। भारत से मिले 308 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ए की पूरी टीम दूसरी पारी में 200 रन बनाकर ऑलआउट हुई। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कैंपबेल केलावे बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। इसके बाद सैम कोनस्‍टास भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 20 रन बनाकर आउट हुए। नाथन मैकस्वीनी अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और 35 रन बनाकर अंशुल कंबोज का शिकार बने। वहीं, कप्तान पीटर हैंड्सकॉम्ब 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

जेसन संघा 23 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए, जबकि जोश फिलिप 7 रन बनाकर पवेलियन लौटे। लियाम स्कॉट को तुषार देशपांडे ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। फर्गस ओ'नील अच्छी लय में दिखाई दिए और उन्होंने टीम की ओर से सर्वाधिक 47 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 6 चौके और एक छक्का लगाया।

टॉड मर्फी 17 रन बनाकर शम्स मुलानी की गेंद पर साई सुदर्शन को कैच देकर आउट हुए। कोरी रोचिसिओली 4 रन बनाकर नाबाद रहे, तो ब्रेंडन डॉगेट 3 रन बनाकर आउट हुए। भारत की ओर से गेंदबाजी में शम्स मुलानी और तुषार देशपांडे ने दूसरी पारी में तीन-तीन विकेट चटकाए। वहीं, अंशुल कंबोज और तनुश कोटियान ने दो-दो विकेट झटके।

इससे पहले, भारतीय टीम ने पहली पारी में कुमार कुशाग्र की शतकीय पारी की बदौलत 334 रन बनाए। कुशाग्र ने 12 चौकों की मदद से 113 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं, तनुश कोटियान ने 69 रनों का योगदान दिया। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ए की पूरी टीम पहली पारी में 171 रन बनाकर सिमटी। टीम की ओर से जेसन संघा ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए।

शम्स मुलानी ने भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 4 विकेट चटकाए, जबकि तनुश और तुषार ने दो-दो विकेट निकाले। वहीं, दूसरी पारी में भारत की पूरी टीम 199 रन बनाकर ऑलआउट हुई। कप्तान देवदत्त पडिक्कल ने 59 रनों का योगदान दिया, तो कुमार कुशाग्र 46 रन बनाकर नाबाद रहे। कुशाग्र को पहली पारी में शतकीय पारी खेलने के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। दूसरा चार दिवसीय मुकाबला 29 से 2 अक्टूबर तक खेला जाना है।